तंत्र-मंत्र और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

  • 1 day ago
  • 131 views


छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला से तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में दुर्ग पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से हुई थी। महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ के जरिए सभी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने महिला से अलग-अलग बहानों से पैसे लिए। कभी पूजा-पाठ, कभी निजी जरूरत और कभी शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। करीब दो वर्षों में उसने महिला से लगभग 85 लाख रुपये वसूल लिए। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के बाद पुलिस ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, मोटे मुनाफे वाले निवेश या किसी भी चमत्कारी समाधान के नाम पर अनजान लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now