https://www.abhinews.co.in/news/breking-nyuz-viyatanam-me-bharatiy-paryatakon-se-bhari-nav-palati-15-ki-maut-21-logon-ko-bacay-gay

बैरागपुरा में तीन महीने से अधूरा सड़क निर्माण, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी; पार्षद पर लगाए लापरवाही के आरोप

  • 1 day ago
  • 144 views


मथुरा। नगर निगम के वार्ड संख्या 17 स्थित बैरागपुरा की गली नंबर-3 में पिछले तीन महीने से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीवर और पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, जिससे पूरी गली की स्थिति बदहाल हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण अधूरा होने से जगह-जगह कीचड़ और गंदगी जमा है। कई स्थानों पर नालियां बंद पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइटें खराब हैं और खुले बिजली पैनल हादसे का खतरा पैदा कर रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र के कुछ मकान भी जर्जर हालत में पहुंच गए हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

निवासियों का कहना है कि खराब सड़क और गंदगी के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों को आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

क्षेत्रवासियों ने यह भी दावा किया कि इसी इलाके में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा का आवास होने के बावजूद विकास कार्यों में अपेक्षित गति नहीं आई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद ब्रजेश खरे पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि अधूरे सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा क्षेत्र की साफ-सफाई, बंद नालियों, खराब स्ट्रीट लाइटों और खुले बिजली पैनलों की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now