खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार पर कहर, पत्नी-बेटे को लेने गए पति...
- 3h ago
मथुरा। थाना राया क्षेत्र के बिचपुरी और कुम्हा बिरहना के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एक स्कूल बस ने गमी में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसके नीचे दबने से देवरानी-जेठानी की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना कुम्हेर क्षेत्र के पेगोर गांव के निवासी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मथुरा के राया क्षेत्र स्थित हरदपुर गांव में शोक संवेदना (गमी) में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रजनी पत्नी अजय और उनकी जेठानी शशि को मृत घोषित कर दिया। दोनों महिलाओं की मौत से परिवार में मातम छा गया।
हादसे में गुड्डी, प्रताप, नीतू, बबीता सहित कुल 16 लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है तथा घायलों को हरसंभव सहायता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर