https://www.abhinews.co.in/news/breking-nyuz-viyatanam-me-bharatiy-paryatakon-se-bhari-nav-palati-15-ki-maut-21-logon-ko-bacay-gay

छात्राओं से छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास करने वाला शातिर बदमाश यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली

  • 10h ago
  • 148 views


मथुरा। महावन और बलदेव क्षेत्र में स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास और लूटपाट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले शातिर अपराधी ओमप्रकाश उर्फ भूरा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह कार्रवाई बीती रात थाना बलदेव पुलिस, थाना महावन पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे स्थित हथौड़ा अंडरपास के पास की। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। पीछा किए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ओमप्रकाश उर्फ भूरा के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला संबंधी अपराधों का आदी है। हाल ही में उसने महावन और बलदेव क्षेत्र में दो स्कूली छात्राओं के अपहरण का प्रयास, उनके साथ छेड़छाड़ और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल था तथा पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ओमप्रकाश उर्फ भूरा के खिलाफ बलात्कार, अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित 9 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से महिला अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now