https://www.abhinews.co.in/news/breking-nyuz-viyatanam-me-bharatiy-paryatakon-se-bhari-nav-palati-15-ki-maut-21-logon-ko-bacay-gay

स्कूल बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, देवरानी-जेठानी की मौत, 16 घायल; CM योगी ने लिया संज्ञान

  • 1 day ago
  • 241 views


मथुरा के राया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गमी में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में देवरानी और जेठानी की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं।


मथुरा के थाना राया क्षेत्र में बिचपुरी और कुम्हा बिरहना गांव के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के पेगोर गांव से एक परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राया के हरदपुर गांव में गमी में शामिल होने आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रजनी पत्नी अजय और उनकी जेठानी शशि को मृत घोषित कर दिया। दोनों महिलाओं की मौत से परिवार में मातम छा गया। हादसे में गुड्डी, प्रताप, नीतू, बबीता समेत कुल 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now