सोलर प्लांट चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! लाखों का इन्वर्टर पुलिस ने किया बरामद

  • 10h ago
  • 128 views


उत्तराखंड के चमोली जिले में पुलिस ने सोलर प्लांट से लाखों रुपये के इन्वर्टर की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी गया साढ़े तीन लाख रुपये कीमत का सोलर इन्वर्टर भी बरामद कर लिया है।

मामला चमोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लासी स्थित 200 किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का है। यहां से 100 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर चोरी हो गया था। चोरी गए इन्वर्टर की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।

घटना के संबंध में सोलर प्लांट के साइट सुपरवाइजर हरीश चंद्र शेखर ने कोतवाली चमोली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, भौतिक सबूतों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम लासी निवासी अंकित सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया सोलर इन्वर्टर भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now