मांट के नन्हे खिलाड़ियों ने खेल मैदान में गाड़ा सफलता का झंडा, 25 पदक जीतकर जिले में बजाया डंका

  • संवाददाता: किशन कुमार वर्मा
  • 15h Ago 148 Views


मथुरा के मांट ब्लॉक के नन्हे खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय परिषदीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 27 नवंबर को राजकीय मोहन पहलवान स्टेडियम, गणेशरा में आयोजित प्रतियोगिता में मांट ब्लॉक के खिलाड़ियों ने कुल 25 पदक जीतकर जिले में अपनी सफलता का परचम लहराया। खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण, 10 रजत और 8 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर मांट के खिलाड़ियों ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति और डायट प्रवक्ता हरेश सिंह ने किया। इस दौरान कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय कल्याणपुर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मांट ब्लॉक का गौरव बढ़ाया। वहीं यूपीएस जावरा के छात्र पारस ने बेहतरीन खेल कौशल दिखाते हुए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब हासिल किया। पारस ने 100 मीटर दौड़ और ऊंची कूद में स्वर्ण, 200 मीटर दौड़ में रजत तथा लंबी कूद में कांस्य पदक जीता।

जूनियर वर्ग में श्रीकृष्ण ने गोला फेंक में स्वर्ण और चक्का फेंक में रजत पदक हासिल किया। यशवंत, कृष्णा और विपिन ने कुश्ती में स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। मयंक ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। रुबी ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक अपने नाम किए। नंदिनी ने दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक हासिल किए। मोनिका ने लंबी कूद में रजत और ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता।

प्राथमिक वर्ग में भी मांट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चांदनी ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण और 50 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। नीलम ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण और लंबी कूद में रजत पदक जीता। वहीं शिवम ने 100 मीटर दौड़ और मोहित ने लंबी कूद में रजत पदक प्राप्त कर ब्लॉक का मान बढ़ाया।

बच्चों की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी मांट रवि प्रकाश ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से मांट ब्लॉक को यह शानदार सफलता मिली है।

इस अवसर पर शिक्षक केहरी सिंह, अरुण निरंकारी, मदन मोहन, अवधेश कुमार, गरुणभान सिंह, मानवेंद्र सिंह, चतुर सिंह, पूनम सारस्वत और ब्लॉक शिक्षक हेमराज सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now