संस्कृति विश्वविद्यालय में गूंजा 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का मुद्दा, युवा संसद में विद्यार्थियों ने दिखाई लोकतांत्रिक व्यवस्था की ताकत

  • 19h Ago 130 Views


मथुरा। संविधान दिवस के अवसर पर संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में युवा संसद-2026 का भव्य आयोजन किया गया। स्टूडेंट काउंसिल और कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वास्तविक संसद की तर्ज पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए देश की चुनावी व्यवस्था, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके ऐतिहासिक महत्व और देश की लोकतांत्रिक यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है।

'वन नेशन, वन इलेक्शन' विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि देश में वर्ष 1952, 1957 और 1962 में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव एक साथ कराए गए थे। बाद में राजनीतिक परिस्थितियों के कारण यह व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी मशीनरी, सुरक्षा बलों और प्रशासनिक संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में एक साथ चुनाव कराने की व्यवस्था के संभावित लाभ और चुनौतियों को समझना आवश्यक है।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान केवल नागरिकों को अधिकार ही नहीं देता, बल्कि उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मीडिया पर उपलब्ध सूचनाओं को बिना जांचे-परखे सच मानने से बचने और कानून एवं संविधान का अध्ययन करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान सीएपीएस के निदेशक डॉ. रजनीश त्यागी ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और युवाओं की लोकतंत्र में भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने संसद को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए विद्यार्थियों से इतिहास, कानून और संविधान को गहराई से समझने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और महत्वपूर्ण हिस्सा युवा संसद की कार्यवाही रही। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री, विदेश मंत्री, कानून मंत्री सहित विभिन्न मंत्रालयों की जिम्मेदारियां संभालीं। छात्र रसिक शरण दुबे ने स्पीकर और ऋषभ खंडेलवाल ने सेक्रेटरी जनरल की भूमिका निभाई, जबकि कलश शर्मा प्रधानमंत्री बने। वहीं महिमा बाजपेई ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में विपक्ष की कमान संभाली। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच 'वन नेशन, वन इलेक्शन' को लेकर जोरदार बहस, सवाल-जवाब और तर्क-वितर्क देखने को मिले। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और तथ्यों के माध्यम से संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को जीवंत कर दिया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें देश की संसदीय व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने की कला से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, संवाद, टीमवर्क और निर्णय लेने की क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अवसर पर कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने मुख्य अतिथि डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया। वहीं डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने शिक्षाविद डॉ. राकेश चतुर्वेदी को सम्मानित किया। स्टूडेंट काउंसिल अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय, उपाध्यक्ष गौरांशी गुप्ता एवं प्रांजल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का सम्मान किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। युवा संसद के अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में संविधान दिवस के महत्व और 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के डायरेक्टर इशान समीर और हिमानी बोरा ने आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया। मंच संचालन दिया दास और मोक्षदा चौहान ने किया। फैकल्टी कोऑर्डिनेटर नितीश अग्रवाल एवं लव गोस्वामी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. धर्मेंद्र सिंह तोमर के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

संस्कृति विश्वविद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र को समझने, संवैधानिक जिम्मेदारियों को जानने और भविष्य के जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका पहचानने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now