काशी में देव दीपावली की दिव्यता में डूबे गुरु शरणानंद महाराज गंगा घाटों पर किया दीपदान, लाखों दीपों से जगमगाई बाबा विश्वनाथ की नगरी

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 5h Ago 94 Views


काशी। देव दीपावली के पावन पर्व पर धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर महावन स्थित श्री रमन रेती धाम के पीठाधीश्वर कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज ने साधु-संतों, ऋषि कुमारों और अपने शिष्यों के साथ काशी पहुंचकर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

इस दौरान गुरु शरणानंद महाराज ने स्टीमर के माध्यम से गंगा के विभिन्न घाटों के दर्शन किए और मां गंगा के तट पर दीपदान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाते गंगा घाटों का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। घाटों पर की गई आकर्षक सजावट और रोशनी ने काशी की सुंदरता को और भी भव्य बना दिया।

देव दीपावली के अवसर पर काशी में आयोजित विशेष लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। काशी सरकार की ओर से आयोजित इस शो में भगवान शिव की लीलाओं, उनके विभिन्न स्वरूपों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदर्शित किया गया। वहीं, भव्य गंगा आरती के दिव्य दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु काशी पहुंचे।

इस धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन में महंत ब्रज चैतन्य जी महाराज, स्वामी अपर्णानंद, स्वामी आशुतोष आनंद, स्वामी योगीशनन्द, आचार्य नीरज शर्मा, गिरीश कुमार, उमेश जटवानी और प्रमुख व्यवसायी जालान साहब सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

काशी के गंगा घाटों पर दीपों की जगमगाहट, मंत्रोच्चार और गंगा आरती के बीच गुरु शरणानंद महाराज का दीपदान श्रद्धा और भक्ति का विशेष दृश्य बना।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now