यूपी चुनाव 2027: अखिलेश ने चला सियासी दांव सपा ने घोषित किए 5 उम्मीदवार, कांग्रेस को दिया साफ संदेश

  • 14m Ago 48 Views


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा ने चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। खास बात यह है कि कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बनने से पहले ही अखिलेश यादव ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने अपना रुख भी साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में बात केवल सीटों की संख्या की नहीं, बल्कि जीत की होनी चाहिए।

समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन, अमरोहा सीट से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है। घोषित पांच उम्मीदवारों में चार मौजूदा विधायक हैं, जबकि ललितपुर सीट से पार्टी ने ज्योति लोधी के रूप में नया चेहरा मैदान में उतारा है।

सपा की पहली सूची में सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीट को शामिल करना राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर इसलिए क्योंकि सहारनपुर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इमरान मसूद सांसद हैं। ऐसे में इन दोनों सीटों पर सपा के उम्मीदवार घोषित करने को कांग्रेस के लिए एक राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या इन सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सहमति बन पाएगी या फिर सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान बढ़ेगी?

उम्मीदवारों की सूची जारी करने के साथ ही अखिलेश यादव ने मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, जिन सीटों पर गठबंधन की जीत की संभावना अधिक है, उन्हें प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की ओर से प्राथमिकता के आधार पर दी गई 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है और अब अन्य संभावित सीटों की सूची साझा की जानी चाहिए, ताकि दोनों दल मिलकर तय कर सकें कि किस सीट पर कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में इंडिया गठबंधन की एकजुटता और पीडीए की राजनीति पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्याशियों को केवल सपा या कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन और पीडीए के प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करना बेहतर होगा। उनका मानना है कि इससे गठबंधन को सकारात्मक चुनावी परिणाम मिल सकते हैं।

अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस अखिलेश यादव की इस रणनीति से सहमत होगी? क्या सपा की पहली सूची जारी होने के बाद गठबंधन में सीटों को लेकर नया विवाद खड़ा होगा? और क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की यह रणनीति भाजपा के सामने विपक्ष को मजबूत चुनौती देने में कामयाब होगी?

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now