त्योहार के बाद मथुरा जंक्शन पर उमड़ा यात्रियों का सैलाब, GRP-RPF ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 3h Ago 71 Views


त्योहारों का सिलसिला समाप्त होने के बाद अब लोगों की अपने गंतव्य की ओर वापसी शुरू हो गई है। इसके चलते मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना स्नान के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भी स्टेशन पर बड़ी संख्या में आवाजाही रही। यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रही हैं।

यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मथुरा जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों पर सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने के साथ उनके सामान की भी जांच की।

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज पर वापस लौट रहे हैं। वहीं कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना स्नान के लिए भी श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म नंबर आठ सहित पूरे जंक्शन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और यात्रियों को अपने कीमती सामान, मोबाइल और अन्य जरूरी वस्तुओं के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें।

त्योहार के बाद घर लौट रहे यात्रियों और कार्तिक पूर्णिमा के श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मथुरा जंक्शन पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। रेलवे सुरक्षा बलों की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now