शादी समारोहों में सक्रिय कड़िया सांसी गैंग से सावधान मथुरा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, बैग और जेवरात चोरी करने वाले गिरोह से सतर्क रहने की अपील

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 1h Ago 102 Views


मथुरा। शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का सीजन शुरू होते ही चोरी की घटनाओं को लेकर मथुरा पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी क्षेत्र से जुड़े अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गैंग की सक्रियता को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है।

मथुरा पुलिस के अनुसार, यह गिरोह शादी समारोहों, होटलों और मैरिज गार्डन में मेहमान बनकर प्रवेश करता है और मौका मिलते ही नकदी, सोने-चांदी के आभूषणों तथा कीमती सामान से भरे बैग चोरी कर फरार हो जाता है।

पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, इस गिरोह में करीब 7 सदस्य एक साथ काम करते हैं। गिरोह के सदस्य पहले बड़े व्यापारियों और संपन्न परिवारों के शादी समारोहों की रेकी करते हैं। इसके बाद कथित तौर पर 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों को अच्छे कपड़े पहनाकर बाराती या मेहमान के रूप में समारोह में भेजा जाता है। ये बच्चे भीड़ में घुल-मिलकर लोगों का ध्यान भटकाते हैं और कीमती सामान से भरे बैग लेकर गायब हो जाते हैं।

मथुरा पुलिस के मुताबिक, शादी के सीजन में यह गिरोह मथुरा और आगरा क्षेत्र में विशेष रूप से सक्रिय रहता है। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

  • शादी समारोह में नकदी और जेवरात से भरे बैग को लावारिस न छोड़ें।

  • किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे कीमती सामान न रखें।

  • संदिग्ध व्यक्तियों और अनजान मेहमानों पर नजर रखें।

  • मैरिज होम, होटल और गार्डन संचालक सीसीटीवी कैमरे चालू रखें।

  • संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now