घुड़चढ़ी में जीजा ने सालों पर लुटाया प्यार, एक-एक करोड़ की नोटों की माला पहनाकर, सबको चौंकाया,,

  • संवाददाता: किशन कुमार वर्मा
  • 13h Ago 174 Views


मथुरा। शादी समारोह में आपने दूल्हे को फूलों और नोटों की मालाएं पहने तो जरूर देखा होगा, लेकिन मथुरा में एक ऐसी घुड़चढ़ी देखने को मिली, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक जीजा ने अपने दोनों सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि देखने वाले भी दंग रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाकर अनोखा शादी का तोहफा दिया। अब इस शाही घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, यह पूरा मामला मथुरा की सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला फौदा का है। शनिवार को गांव निवासी ठाकुर योगेंद्र सिंह और कुशलपाल के बेटे प्रशांत एवं कान्हा राघव की घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों दूल्हों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है।

इसी दौरान राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोली निवासी उनके जीजा योगेश कुमार ठाकुर ने दोनों सालों को खास अंदाज में शादी का तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई। बताया जा रहा है कि प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इतनी विशाल मालाओं को संभालना भी लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।

घुड़चढ़ी में मौजूद महिला-पुरुषों और रिश्तेदारों की निगाहें इन विशाल नोटों की मालाओं पर टिक गईं। हर कोई इस अनोखे अंदाज को अपने मोबाइल में कैद करने लगा। देखते ही देखते यह नजारा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

बताया गया है कि दोनों दूल्हे प्रशांत और कान्हा राघव भारतीय किसान यूनियन (भानु) के किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। दोनों मार्बल और पत्थर के शोरूम का संचालन करते हैं।

फिलहाल जीजा के इस अनोखे तोहफे और शाही घुड़चढ़ी का वीडियो मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। गांव नगला फौदा से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक इस अनोखी शादी की खूब चर्चा हो रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now