यमुना एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदे कंटेनर में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

  • संवाददाता: किशन कुमार वर्मा
  • 13h Ago 544 Views


यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदे चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा कंटेनर आग की लपटों से घिर गया। कंटेनर में लदे एलजी कंपनी के फ्रिज, एलईडी सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के समीप पुणे से नोएडा जा रहे कंटेनर संख्या UP85 CT 0196 में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर में आग लगने की सूचना जीपीएस के माध्यम से मिली। इसके बाद आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल वाहन से छलांग लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कंटेनर में लगी आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की कई गाड़ियों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

वहीं आग बुझाने के दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कंटेनर में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। इस घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now