मथुरा में 134 किलो गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, दो कारों में तस्करी कर रहे 3 आरोपी गिरफ्तार

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 6h Ago 131 Views


मथुरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यानी एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मांट पुलिस और एएनटीएफ आगरा यूनिट ने आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर गांजा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 134 किलोग्राम अवैध गांजा और दो कारें बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजकर 55 मिनट पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो कारों के जरिए अवैध गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना मांट पुलिस और एएनटीएफ आगरा की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। टीम ने आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर मांट टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले आगरा की तरफ घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध कारों को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहनों से 134 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ छोटे निवासी औरैया, हाल निवासी दिल्ली, सचिन देवीदास तायवडे और सोमेश साहेबराव मानेकर निवासी अमरावती, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक फॉक्सवैगन कार और एक हुंडई आई-20 कार बरामद की है।

पुलिस ने इस मामले में थाना मांट पर मुकदमा अपराध संख्या 282/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी महावन संजीव राय, एएनटीएफ आगरा यूनिट के निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा सहित थाना मांट और एएनटीएफ की टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now