जमुनापार पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, 10 हजार रुपये और अवैध तमंचे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 31m Ago 66 Views


मथुरा। थाना जमुनापार पुलिस ने घर में घुसकर नकदी और जेवरात चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 10 हजार रुपये नकद, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 17/18 नवंबर 2026 की रात वादी के घर से नकदी और जेवरात चोरी किए गए थे। इस मामले में थाना जमुनापार पर मुकदमा संख्या 445/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 23 नवंबर 2026 की रात करीब 2 बजकर 5 मिनट पर बल्देव रोड से सिहोरा की ओर जाने वाले मार्ग पर सिहोरा से करीब 500 मीटर पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु पुत्र लालमन, निवासी सिहोरा और मनीष पुत्र मुकेश, निवासी नगला पतिया सिहोरा, थाना जमुनापार, मथुरा के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विष्णु का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वृंदावन, जमुनापार और महावन थानों में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनीष के खिलाफ भी इस चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज है।

अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर थाना जमुनापार में मुकदमा संख्या 449/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक संजयपाल सिंह राघव के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुनेन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक परविन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now