बलदेव के आंगई गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन, महाआरती के बाद विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

  • संवाददाता: किशन कुमार वर्मा
  • 3h Ago 153 Views


मथुरा के बलदेव क्षेत्र के ग्राम आंगई में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। श्री सुदामा कुटी आश्रम स्थित हनुमान धर्मशाला में 18 नवंबर से चल रही कथा का 24 नवंबर को विधि-विधान के साथ महाआरती और संत वैष्णव सेवा भंडारे के आयोजन के साथ समापन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, वैष्णवों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ धरासू, उत्तरकाशी से पधारे परम पूज्य श्री श्री 108 महामंडलेश्वर गौ संत सेवी श्री राम किशोर दास त्यागी जी महाराज के पावन सानिध्य में हुआ। सात दिनों तक कथा व्यास साधक श्री संजीव जी महाराज ने अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का अमृत रसपान कराया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति से जुड़े प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

आयोजकों के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन साकेतवासी पूज्य संत केशव दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया था। कथा के अंतिम दिन विधि-विधान से भव्य महाआरती की गई। इसके बाद संत-महात्माओं, वैष्णवों और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सात दिनों तक ग्राम आंगई का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now