जेल का डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ही निकला 'ड्रग्स किंग'! कैदियों तक पहुंचाता था नशा और मोबाइल

  • 7 days ago
  • 218 views


पंजाब के होशियारपुर जिला जेल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पुलिस ने डिप्टी सुपरिंटेंडेंट हरभजन सिंह और एक कॉन्स्टेबल रविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि वे कैदियों तक ड्रग्स (नशीले पदार्थ) और मोबाइल फोन पहुंचाने के बदले मोटी रकम वसूलते थे।

जानकारी के मुताबिक, पूरे मामले का खुलासा जेल के अंदर से वायरल हुए एक वीडियो के बाद हुआ। वीडियो में एक कैदी ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और कई कैदियों से पूछताछ की। जांच में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और कॉन्स्टेबल की कथित भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

होशियारपुर के एसएसपी संदीप मलिक ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों अधिकारी कथित तौर पर जेल के भीतर ड्रग्स और मोबाइल फोन पहुंचाने की साजिश में शामिल थे। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद पंजाब की जेल सुरक्षा व्यवस्था और जेलों के भीतर चल रही अवैध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now