बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी कर्मचारी पर FIR, सीएम धामी ने बैठाई हाई लेवल जांच

  • 4 days ago
  • 136 views


देहरादून। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हाई लेवल जांच के आदेश दिए हैं और गठित समिति से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

सरकार के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करेगी। समिति चढ़ावे के प्रबंधन, धनराशि के रखरखाव और वित्तीय प्रक्रियाओं की भी समीक्षा करेगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं को रोका जा सके।

इस मामले में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया है। शिकायत के अनुसार, उन पर मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई धनराशि को कथित रूप से निजी हित में ले जाने का प्रयास करने का आरोप है। इसी आधार पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जांच को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now