स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 11h ago
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में लगातार हो रही घंटों की चोरी का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस व्यक्ति पर मंदिर की सेवा और आरती व्यवस्था की जिम्मेदारी थी, वही सेवादार गोलू उर्फ गौरव मंदिर के कीमती पीतल के घंटे चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से मंदिर परिसर से लगातार घंटे गायब हो रहे थे, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। बुधवार शाम श्रद्धालुओं और दुकानदारों ने सतर्कता दिखाते हुए एक युवक को घंटा चोरी कर ले जाते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई, जो मंदिर में सेवादार के रूप में कार्यरत था और रोजाना होने वाली श्रृंगार आरती की व्यवस्था भी संभालता था।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन के अधीन होने के कारण लेखपाल की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर से पहले भी कई बार कीमती घंटे चोरी हुए थे, लेकिन चोर का पता नहीं चल पाया था। अब आशंका जताई जा रही है कि पहले हुई चोरियों में भी इसी सेवादार का हाथ हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर