स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 12h ago
मथुरा नगर निगम जहां शहर के विकास के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं गोवर्धन रोड स्थित तुलसीवन कॉलोनी के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी यहां सड़क, नाली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित तुलसीवन कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह नगर निगम के वार्ड संख्या-3, गिरधरपुर के अंतर्गत आने वाली एमवीडीए (MVDA) अप्रूव्ड कॉलोनी है, लेकिन आज तक यहां न तो सड़क बनी, न नालियां बनीं और न ही पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई।
कॉलोनी में करीब 25 से 50 मकान और लगभग 100 परिवार निवास करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़कें कीचड़ और जलभराव से भर जाती हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि वे नियमित रूप से हाउस टैक्स, सीवर टैक्स और अन्य नगर निगम कर जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनका यह भी दावा है कि इस सड़क का निर्माण कागजों में दिखाया जा चुका है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है।
रविवार को कॉलोनीवासियों ने एक बैठक कर निर्णय लिया कि वे जल्द ही विधायक श्रीकांत शर्मा और नगर आयुक्त जग प्रवेश से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराएंगे। उनका कहना है कि पहले भी कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
अब देखना होगा कि नगर निगम और संबंधित अधिकारी कॉलोनीवासियों की इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं और कब तक उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल पाती हैं।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर