खेत में मिला नवविवाहित युवक का शव, चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या की आशंका, इलाके में सनसनी

  • 25 days ago
  • 273 views


आगरा के सदर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा स्थित छोटी बस्ती में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहित युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान शोरू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शोरू बुधवार सुबह करीब 7 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके खेतों में मृत पड़े होने की सूचना मिली।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि युवक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने पत्थर से चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या की है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि शोरू की करीब तीन माह पहले ही शादी हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now