कान्हा माखन स्कूल में 'बोधि पथ कार्यशाला' का समापन, बच्चों ने सिंगल-यूज प्लास्टिक छोड़ने का लिया संकल्प

  • 6 days ago
  • 199 views


मथुरा। स्थानीय कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में आयोजित 'बोधि पथ कार्यशाला' का भव्य समापन पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों के संदेश के साथ हुआ। कार्यशाला के अंतिम दिन विद्यार्थियों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें पर्यावरण मित्र जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता सीमा शर्मा ने विद्यार्थियों को महात्मा बुद्ध के जीवन दर्शन, करुणा, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के विचारों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध के सिद्धांत केवल आध्यात्मिक उन्नति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा भी देते हैं। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए इन विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से पर्यावरण, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे, बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का प्रयोग करेंगे तथा स्टील की पानी की बोतल और टिफिन का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे स्वयं प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यशाला के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और सक्रिय भागीदारी निभाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now