आधी रात बुलडोजर लेकर पहुंचे 70 दबंग! पड़ोसी की दुकान मलबे में तब्दील, CCTV के तार भी काटे

  • 13 days ago
  • 219 views


उत्तर प्रदेश के झांसी में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आधी रात करीब 60 से 70 लोगों ने बुलडोजर के साथ पहुंचकर एक दुकानदार की दुकान को जमींदोज कर दिया। आरोप है कि वारदात से पहले दबंगों ने परिवार को घर के अंदर बंद कर दिया और सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, ताकि घटना रिकॉर्ड न हो सके।

घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड की है। पीड़ित जेम्स थॉमस का आरोप है कि उनके पड़ोसी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। जमीन का मामला पहले से अदालत में विचाराधीन है। इसके बावजूद देर रात आरोपी अपने समर्थकों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे और उनकी 'लकी प्रोविजन स्टोर' को तोड़ दिया। दुकान में रखा करीब 6 से 7 लाख रुपये का सामान भी नष्ट हो गया।

पीड़ित का कहना है कि शोर सुनकर वह किसी तरह दीवार फांदकर बाहर आए और विरोध किया, लेकिन दबंगों ने उन्हें धमकाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सुरक्षा के मद्देनज़र पीड़ित के घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now