नोएडा एयरपोर्ट में नौकरी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी! फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

  • 11h ago
  • 181 views


नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रतिष्ठित एविएशन कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा साइबर क्राइम पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-22 में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 'लंबोदर इंस्टीट्यूट' के नाम से चल रहे इस कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर दिया। यहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से युवाओं को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नामी एविएशन कंपनियों में नौकरी दिलाने का लालच देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और दस्तावेज सत्यापन के नाम पर उनसे पैसे वसूलते थे। रकम मिलने के बाद या तो संपर्क तोड़ देते थे या फर्जी नियुक्ति प्रक्रिया का झांसा देते रहते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कॉल सेंटर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं। इनकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि नौकरी के नाम पर किसी भी संस्था या व्यक्ति को बिना सत्यापन के पैसे न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन करें।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now