हिमाचल में बारिश का कहर, किन्नौर में फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से NH-5 बंद, दो वाहन मलबे में फंसे

  • 9 days ago
  • 467 views


हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। किन्नौर जिले में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाओं के चलते नेशनल हाईवे-5 बंद हो गया, जबकि मलबे में स्कॉर्पियो समेत दो वाहन फंस गए। राहत की बात यह रही कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

किन्नौर के चोलिंग क्षेत्र में मीरू नाले में अचानक आई फ्लैश फ्लड के कारण पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर आ गया, जिससे काजा-किन्नौर-शिमला मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जिला प्रशासन ने बताया कि जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है और जल्द मार्ग बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके अलावा रिब्बा खड्ड में अचानक आई बाढ़ से रिब्बा-कंडे संपर्क मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की सलाह का पालन करें, क्योंकि लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now