स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 11h ago
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। इस बार पुलिस ने महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित उनकी करीब 100.25 करोड़ रुपये मूल्य की दाल मिल को कुर्क कर दिया है। पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी।
भदोही पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा थाना क्षेत्र स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच में आरोप है कि विजय मिश्रा, उनके परिजनों और गिरोह के अन्य सदस्यों ने कथित रूप से अपराध से अर्जित धन से इस उद्योग की स्थापना की थी। पुलिस का यह भी दावा है कि दाल मिल का संचालन विजय मिश्रा के दामाद के नाम से किया जा रहा था। इन तथ्यों के आधार पर जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क की गई।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2022 से अब तक विजय मिश्रा और उनके गिरोह से जुड़ी लगभग 241 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विजय मिश्रा के खिलाफ 87 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। कई मामलों में उन्हें अदालत से सजा भी मिल चुकी है। हाल के वर्षों में उनकी विभिन्न संपत्तियों पर लगातार कुर्की की कार्रवाई की गई है।
भदोही पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच में यदि किसी अन्य संपत्ति के अवैध धन से अर्जित होने के प्रमाण मिलते हैं, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर