पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

  • 4 days ago
  • 200 views


मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। किशनगढ़ थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिलवाया।


पुलिस के अनुसार पन्ना जिले के नारायणपुरा निवासी संजय मिश्रा एक जुलाई से लापता थे। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान अमानगंज रोड स्थित निर्माणाधीन पुल के पास जंगल से संजय का शव और उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।


तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी अनीता ने अपने कथित प्रेमी विनोद यादव और उसके साथी सतीश यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि पत्नी पति की हर गतिविधि की जानकारी प्रेमी को देती थी, जिसके आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल समेत अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पूरे घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


छतरपुर पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सटीक जांच के आधार पर इस अंधे हत्याकांड का खुलासा किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now