दहेज की मांग पूरी न होने पर नहीं आई बारात, दुल्हन करती रह गई इंतजार

  • 80 days ago
  • 360 views


मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र स्थित रफतपुरा चौराहा के ख्वाजा गरीब नवाज बैंक्वेट हॉल में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक दुल्हन अपने दूल्हे का इंतजार करती रह गई, लेकिन बारात नहीं पहुंची।

जानकारी के अनुसार, गुलाफशा नाम की युवती का रिश्ता करीब डेढ़ वर्ष पहले बियामीन नामक युवक से तय हुआ था और 22 अप्रैल को शादी की तारीख निर्धारित थी। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि लड़के वाले लंबे समय से दहेज में पैसों की मांग कर रहे थे।

परिवार के मुताबिक, सगाई और शादी की तैयारियों में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल को दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर चौकी पर पंचायत भी हुई थी, जिसमें 10 लाख रुपये देने की बात सामने आई थी। लड़के पक्ष ने शर्त रखी थी कि या तो 10 लाख रुपये दिए जाएं या तय तारीख पर बारात लेकर आएंगे।

लेकिन 22 अप्रैल को सुबह से दोपहर तक इंतजार के बावजूद बारात नहीं पहुंची, जिससे दुल्हन और उसके परिवार का माहौल गमगीन हो गया। दुल्हन ने भावुक होकर कहा कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उसकी शादी नहीं हो सकी।

ग्राम प्रधान राबुल हुसैन के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने पाकबड़ा थाना और चौकी में तहरीर देकर आरोपी लड़के पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now