युवराज की मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन! खुले गड्ढे में गिरी कार, बाल-बाल बची चालक की जान

  • 18h ago
  • 85 views


ग्रेटर नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत के बाद भी प्रशासन की लापरवाही थमती नजर नहीं आ रही है। एक बार फिर बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड के खुले छोड़े गए गहरे गड्ढे में एक कार जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर अल्फा-1 रेलवे विहार में गंगाजल पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क पर गहरा गड्ढा खोदा गया था। आरोप है कि वहां न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाए गए थे। अंधेरे के कारण प्रमोद नामक युवक की कार सीधे गड्ढे में जा गिरी। स्थानीय लोगों की मदद और क्रेन की सहायता से कार को बाहर निकाला गया।

स्थानीय नागरिकों और एक्टिव सिटिजन टीम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने जल विभाग, तकनीकी विभाग और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष युवराज मेहता की कार भी बिना सुरक्षा इंतजाम वाले पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे थे। अब ताजा हादसे ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now