एक्सपायरी डेट बदलकर बेचा जा रहा था सामान! 52 लाख का माल जब्त, FDA ने किया बड़े रैकेट का पर्दाफाश

  • 21h ago
  • 76 views


महाराष्ट्र के भिवंडी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 52 लाख रुपये से अधिक का एक्सपायर और बिना दस्तावेजों वाला खाद्य सामान जब्त किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि एक्सपायर हो चुके उत्पादों की पुरानी एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीख चिपकाई जाती थी और फिर उन्हें बाजार में दोबारा बेच दिया जाता था।

FDA के मुताबिक, रैकेट का तरीका बेहद संगठित था। बड़ी ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स कंपनियों से एक्सपायर सामान अनधिकृत एजेंसियों के जरिए उठाया जाता था। फर्जी डिस्पोजल सर्टिफिकेट तैयार कर सामान को नष्ट दिखाया जाता, जबकि उसे गोदामों में ले जाकर केमिकल से पुरानी तारीख हटाई जाती और नए मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी स्टिकर लगाकर दोबारा बाजार में उतार दिया जाता था।

छापेमारी के दौरान सरावली स्थित एक वेयरहाउस से करीब 1.5 टन एक्सपायर खाद्य सामग्री बरामद होने पर उसका फूड सेफ्टी लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं, एक ट्रक से 1,200 किलो एक्सपायरी आटा और अन्य ब्रांडेड खाद्य उत्पाद भी बिना वैध बिल के जब्त किए गए। इसके अलावा भिवंडी में कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये का एक्सपायर स्टॉक बरामद किया गया।

FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने चेतावनी दी है कि एक्सपायर सामान के निस्तारण से जुड़े नए नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस तत्काल और स्थायी रूप से रद्द किए जाएंगे। साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now