ब्रेकिंग न्यूज़: यमुना में जलसमाधि लेने पहुंचीं इंदुलेखा देवी! बोलीं- ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त करो

  • 17h ago
  • 216 views


मथुरा के वृंदावन में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भगवान श्रीकृष्ण को अपना पति मानने वाली इंदुलेखा देवी शृंगार घाट पर यमुना में जलसमाधि लेने पहुंच गईं। सूचना मिलते ही वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई।

यमुना से बाहर आने के बाद इंदुलेखा देवी ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि संपूर्ण ब्रज क्षेत्र को मांस, मदिरा और अंडा मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाए। उनका कहना है कि ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है।

मीडिया से बातचीत में इंदुलेखा देवी ने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से वृंदावन में रह रही हैं। उनके अनुसार, पवित्र ब्रजभूमि में मांस और शराब की बिक्री से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब यह स्थिति असहनीय हो गई तो वह यमुना महारानी की शरण में जलसमाधि लेने पहुंच गईं।

इंदुलेखा देवी ने कुछ कथावाचकों और संतों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे ब्रज की मूल समस्याओं पर आवाज नहीं उठाते। वहीं, पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल प्रशासन को उनका ज्ञापन सौंप दिया गया है और मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now