शादी से पहले पिता की मौत, फिर मोहल्ला बना परिवार! बेटी का कन्यादान कर पेश की इंसानियत की मिसाल

  • 19h ago
  • 104 views


उत्तर प्रदेश के हरदोई से इंसानियत को सलाम करने वाली एक भावुक कहानी सामने आई है। शादी से कुछ दिन पहले करंट लगने से पिता की मौत हो गई, लेकिन बेटी की शादी नहीं रुकी। पूरे मोहल्ले ने परिवार बनकर शादी की जिम्मेदारी उठाई और नगर पंचायत अध्यक्ष ने पिता की भूमिका निभाते हुए बेटी का कन्यादान किया।

जानकारी के अनुसार, कछौना कस्बे के संविदा बिजलीकर्मी महेंद्र उर्फ गुड्डू की 9 मई को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। उनकी बड़ी बेटी सान्वी की शादी पहले से तय थी और तिलक की रस्म भी हो चुकी थी। पिता के अचानक निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और शादी को लेकर चिंता बढ़ गई।

ऐसे कठिन समय में नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण शुक्ला (पंकज शुक्ला) आगे आए। उन्होंने शादी का पूरा खर्च उठाने का वादा किया और उसे निभाया भी। शादी की सभी तैयारियों से लेकर बारात के स्वागत तक की व्यवस्था कराई और मंडप में स्वयं पिता बनकर सान्वी का कन्यादान किया।

रविवार को सान्वी की विदाई पूरे सम्मान और खुशी के माहौल में हुई। इस भावुक पल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। परिजनों ने कहा कि पिता के जाने से जो खालीपन आया था, उसे समाज के सहयोग और संवेदनशीलता ने काफी हद तक भरने का प्रयास किया। यह शादी पूरे इलाके में मानवता और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बन गई।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now