दीपावली पर्व को लेकर थाना हाईवे पुलिस अलर्ट, मिशन शक्ति प्रभारी रीशू ने टीम के...
- 19m ago
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को थाना वृंदावन पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए बताया कि बसों, सार्वजनिक परिवहन, बाजारों, रास्तों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़छाड़ या अभद्रता किए जाने पर डरने अथवा चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी घटनाओं की तत्काल शिकायत महिला पावर लाइन 1090 पर की जा सकती है। इसके साथ ही संबंधित थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। छात्राओं को बताया गया कि अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी निजी जानकारी, फोटो और अन्य महत्वपूर्ण विवरण साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन उत्पीड़न होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिसकर्मियों ने इन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर इनका लाभ उठाने की अपील की।
अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) एवं सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क कोचिंग तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस टीम ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बने। छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से वृंदावन पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को संदेश दिया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस एवं सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करें।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर