गंगानगर धमाके के बाद मथुरा जंक्शन पर बढ़ाई गई सुरक्षा, जीआरपी ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 1h Ago 102 Views


गंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी के मद्देनजर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और ट्रेनों की सघन जांच की जा रही है। वहीं अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव को देखते हुए भी रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

गंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बाद जारी सुरक्षा अलर्ट के बीच मथुरा जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालयों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा कर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रख रहे हैं। इसके साथ ही स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में भी चेकिंग की जा रही है। जवान यात्रियों के सामान की जांच करने के साथ उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

वहीं अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रेनों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मथुरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी सुरक्षा कर्मियों की नजर बनी हुई है।

इस संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए उच्चाधिकारियों की ओर से सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। अयोध्या दीपोत्सव के मद्देनजर ट्रेनों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। जंक्शन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

रेलवे सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ आपसी समन्वय के साथ निगरानी और जांच अभियान जारी रखेंगे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now