500 रुपये के लिए प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, भाजपा नेता विशाल एनकाउंटर में घायल

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 2h Ago 110 Views


महज 500 रुपये... और खूनी खेल में चली गई प्रॉपर्टी डीलर रोहताश की जान! मथुरा के महोली गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मुख्य आरोपी विकास उर्फ विशाल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी को भाजपा नेता बताया जा रहा है।

तस्वीरों में दिखाई दे रहा घायल आरोपी वही विकास उर्फ विशाल है, जिस पर 28 अक्टूबर को थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में प्रॉपर्टी डीलर रोहताश की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात की शुरुआत शराब के लिए 500 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद से हुई थी।

आरोप है कि निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे विशाल और उसके साथियों ने रोहताश से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। रोहताश ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली। इस मामले में रोहताश ने थाना हाईवे में शिकायत की थी।

लेकिन आरोप है कि शिकायत के बाद जब रोहताश रात करीब नौ बजे घर लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया। पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और फिर माथे में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक के पिता लाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विकास उर्फ विशाल, मेघश्याम, डालचंद, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार और मनोज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस इस मामले में पहले ही कुछ आरोपियों और कथित तौर पर आरोपियों को पनाह देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

इधर, पीड़ित परिवार को धमकियां मिलने के आरोपों के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से एसएसपी कार्यालय पहुंचे। मृतक की पत्नी हेमा और बहन ऊषा ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के आक्रोश और हत्याकांड के मुख्य आरोपी की तलाश के बीच पुलिस को रविवार देर रात अहम सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, पालीखेड़ा से महोली की ओर आने वाले रास्ते पर घेराबंदी के दौरान बाइक सवार विशाल को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विकास उर्फ विशाल के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर रोहताश की लाठी-डंडों से पिटाई और गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले के मुख्य आरोपी विकास उर्फ विशाल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलहाल, महोली हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब देखना होगा कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now