सर्दियों में रेल पटरियों की हर दिन होगी निगरानी, संरक्षा निर्देशों का सख्ती से होगा पालन

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 1h Ago 60 Views


मथुरा। सर्दियों और कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आगरा मंडल के रेलवे अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मथुरा प्रशिक्षण केंद्र में इंजीनियरिंग विभाग की ओर से शीतकालीन संरक्षा उपाय विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें रेल पटरियों की नियमित निगरानी, ट्रैक पेट्रोलिंग और संरक्षा संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल की उपस्थिति तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) शैलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस संगोष्ठी में आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, मंडल इंजीनियर, सहायक मंडल इंजीनियर और 15 पीडब्ल्यूआई प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

संगोष्ठी के दौरान सर्दियों में रेल संचालन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने रेल पटरियों की प्रभावी पेट्रोलिंग, कोहरे के दौरान संरक्षा उपायों, रेल फ्रैक्चर और अन्य तकनीकी खामियों की समय पर पहचान तथा उनकी तत्काल सूचना देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के उचित रखरखाव और सुरक्षित ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सर्दी के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और रेल पटरियों की नियमित निगरानी के साथ निर्धारित शीतकालीन संरक्षा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करें।

संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सर्दी और कोहरे के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित रेल संरक्षा चुनौतियों के प्रति कर्मचारियों को जागरूक करना तथा सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करना रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now