मखदूम में मना पीएम-किसान उत्सव दिवस, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किसानों को दिया बड़ा संदेश:

  • संवाददाता: बांके शर्मा
  • 1h Ago 64 Views


मथुरा के फरह स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी), मखदूम में शुक्रवार को पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान करीब 800 किसान और पशुपालक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के राष्ट्रीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण से हुई। किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरी पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने किसानों से एफपीओ और स्वयं सहायता समूह बनाकर सामूहिक रूप से मार्केटिंग करने, वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

वहीं, सीआईआरजी के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली ने बकरी पालन, पशुधन आधारित आजीविका, अनुसंधान और प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि-पशुपालन के समन्वित मॉडल के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में विधायक योगेश नौहवार, सुभाष गर्ग, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी ‘गुड्डू’, जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रमुख प्रीतम चौधरी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now