महिलाओं को हर महीने ₹1500 और 300 यूनिट मुफ्त बिजली! CM सुक्खू का बड़ा ऐलान

  • 1h Ago 64 Views


शिमला। हिमाचल प्रदेश की महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ी घोषणा की है। राज्य सरकार अगले महीने से 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज की सुविधा भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी चौगान में आयोजित जनसभा के दौरान इस योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी की मौजूदगी में सोलन से योजना का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

2.50 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में करीब 2.50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की तैयारी है। वहीं, लगभग 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

भटियात क्षेत्र के 20 हजार महिलाओं को राहत

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र भटियात में करीब 20 हजार पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा 10 हजार परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा दी जाएगी। लाभार्थियों की पहचान के लिए पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण कराया गया है।

चुवाड़ी में खुलेगा सिविल कोर्ट

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा भी की। इसके अलावा सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और क्षेत्र में CBSE से संबद्ध स्कूल खोलने की घोषणा की गई।

सरकार का कहना है कि नई योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now