राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन को उड़ाने की साजिश की आशंका; ATS और IB जांच में जुटी

  • 1h Ago 64 Views


श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार देर रात जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट से पटरी के नीचे लगे दो सीमेंट स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मामले की जांच ATS, IB और CID की टीमें कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। इससे लगभग 45 मिनट पहले अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन इसी ट्रैक से गुजर चुकी थी। गनीमत रही कि घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी और बड़ा हादसा टल गया।

धमाके से ट्रैक को भारी नुकसान

विस्फोट इतना तेज था कि रेलवे लाइन के नीचे लगे दो सीमेंट स्लीपर टूट गए। इसके अलावा पटरी के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

ATS, IB और CID ने संभाली जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, रेलवे अधिकारियों, खुफिया विभाग, CID और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रेलवे यातायात प्रभावित

एहतियात के तौर पर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर यातायात रोक दिया गया। बुधवार को इस रूट की चार ट्रेनों के रद्द होने की सूचना है। रेलवे अधिकारी ट्रैक की सुरक्षा और मरम्मत का काम कर रहे हैं।

श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के अनुसार, फिलहाल विस्फोट की वास्तविक प्रकृति और इसके पीछे के कारणों का पता नहीं चला है। उन्होंने हाल ही में सीमा क्षेत्र से बरामद 7.5 किलोग्राम RDX से इस घटना का संबंध होने की बात को भी फिलहाल खारिज किया है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रेलवे ट्रैक पर धमाका किसने और किस उद्देश्य से किया था।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now