सोरखी स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप, तहसीलदार ने लगाई फटकार

  • 1h Ago 54 Views


छतरपुर जिले के बड़ामलहरा विकासखंड के ग्राम सोरखी स्थित स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिला कलेक्टर मृणाल मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार घुवारा प्रीतम सिंह शिक्षा विभाग की टीम के साथ स्कूल पहुंचे और जांच के दौरान समूह संचालक सहित जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।

दरअसल, ग्राम सोरखी के स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने की घटना सामने आई थी। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। जिला कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर तहसीलदार घुवारा प्रीतम सिंह शिक्षा विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।

जांच के दौरान तहसीलदार ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था में सामने आई लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने समूह संचालक और संस्था के जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तहसीलदार ने बताया कि मामले की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जिला कलेक्टर मृणाल मीणा ने भी स्पष्ट किया है कि मध्याह्न भोजन में इस तरह की गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित समूह संचालक का अनुबंध निरस्त करने सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है।

अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now