दीपावली और यम द्वितीया को लेकर मथुरा प्रशासन अलर्ट, DM-SSP ने अधिकारियों के साथ की बैठक; सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्त निर्देश

  • संवाददाता: अक्षय यादव
  • 4h Ago 81 Views


मथुरा। आगामी दीपावली, यम द्वितीया एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मथुरा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। विशेष रूप से बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यम द्वितीया पर्व को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर मथुरा के विश्राम घाट पर यमुना स्नान एवं भाई दूज की परंपरा निभाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, सुचारु आवागमन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य है कि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में पर्व मना सकें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now