बिरला मंदिर के पास शराब का ठेका हटाने की मांग तेज! संत समाज ने DM को सौंपा ज्ञापन

  • 19h ago
  • 79 views


मथुरा के बिरला मंदिर के समीप संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को संत समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर के पास से शराब का ठेका तत्काल हटाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

संत समाज का कहना है कि इससे पहले भी स्थानीय लोगों ने शराब के ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बिरला मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में मंदिर के निकट शराब का ठेका धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की आस्था के विपरीत है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठेके के आसपास खड़े कुछ लोग आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। संत समाज ने कहा कि मंदिर आने वाले परिवारों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस वजह से परेशानी होती है।

संत समाज ने यह भी सवाल उठाया कि शराब के ठेके के पास पुलिस चौकी होने के बावजूद ऐसी शिकायतों पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि श्रद्धालुओं की आस्था, महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र की गरिमा को ध्यान में रखते हुए शराब के ठेके को जल्द से जल्द अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now