ब्रेकिंग न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: 4 की मौत, 21 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन...
- 3h ago
मथुरा के वृंदावन में वर्षों से बंदरों के आतंक से परेशान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब जिला प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में बंदरों के सुरक्षित रेस्क्यू और पुनर्वास के लिए एक समन्वित (कोऑर्डिनेटेड) एक्शन प्लान तैयार किया गया है, जिस पर काम भी शुरू हो चुका है।
वृंदावन में हर दिन हजारों श्रद्धालु ठाकुर बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान बंदरों द्वारा श्रद्धालुओं के चश्मे, मोबाइल फोन, प्रसाद और अन्य सामान छीन लेने की घटनाएं आम रही हैं। कई बार इन घटनाओं के कारण श्रद्धालुओं को चोट भी लगी है और उनकी यात्रा प्रभावित हुई है।
नई कार्ययोजना के तहत संबंधित विभागों के समन्वय से बंदरों का मानवीय और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जाएगा तथा उनका उचित स्थानों पर पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य बंदरों को किसी प्रकार की हानि पहुंचाए बिना श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को इस समस्या से राहत दिलाना है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इस पूरे अभियान की निगरानी अपने स्तर से शुरू कर दी है। प्रशासन का मानना है कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से वृंदावन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बंदरों के आतंक से काफी हद तक राहत मिलेगी और धार्मिक नगरी में दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुगम हो सकेगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर