ब्रेकिंग न्यूज़: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: 4 की मौत, 21 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन...
- 3h ago
मथुरा के मांट स्थित केशी घाट पर 10 अप्रैल को हुए दर्दनाक नाव हादसे की जांच अब राष्ट्रीय स्तर पर तेज हो गई है। केंद्र सरकार के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को केशी घाट पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। टीम ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से हादसे को लेकर कई अहम सवाल पूछे।
जांच टीम ने सबसे पहले उस स्थान का निरीक्षण किया जहां नाव हादसा हुआ था। इसके बाद मोटर बोट के माध्यम से यमुना नदी का भ्रमण कर पानी के बहाव और गहराई का आकलन किया। टीम ने हादसे के समय राहत एवं बचाव कार्य में जुटे स्थानीय गोताखोरों से भी बातचीत कर घटना के दौरान की परिस्थितियों और बचाव कार्य से जुड़ी जानकारी जुटाई।
निरीक्षण के बाद टीम मांट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां हादसे के बाद घायलों के इलाज और मृतकों के पोस्टमार्टम से जुड़ी जानकारी ली गई। इसके बाद टीम वृंदावन के सौ शैया अस्पताल भी रवाना हुई, जहां अन्य घायलों का उपचार किया गया था।
जांच के दौरान NDMA टीम ने अधिकारियों से कई गंभीर सवाल किए। टीम ने पूछा कि जब हादसे वाला क्षेत्र नाव संचालन के लिए प्रतिबंधित था, तो वहां नाव कैसे पहुंची? क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को नाव में क्यों बैठाया गया? लाइफ जैकेट, एंकर और अन्य सुरक्षा उपकरण क्यों उपलब्ध नहीं थे? घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश क्यों नहीं लगाए गए?
टीम ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी सवाल उठाए। प्रारंभिक जांच में कई स्तरों पर लापरवाही की आशंका जताई गई है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। बताया जा रहा है कि NDMA अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन, एडीएम वित्त डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. राधाबल्लभ, एसडीएम दीपिका मेहेर, सीओ ट्रैफिक संदीप कुमार सिंह, तहसीलदार मांट सुशील कुमार गुप्ता, तहसीलदार गोवर्धन बृजेश कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, पर्यटन विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर