विधायक रोहित पवार के PA की नाबालिग बेटी की संदिग्ध मौत, घर के पास मिला शव

  • 11h ago
  • 112 views


बारामती (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के बारामती में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार के निजी सहायक अजित दशावतारे की नाबालिग बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं से शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम मां से मामूली विवाद के बाद किशोरी घर से नाराज होकर निकल गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने बारामती तालुका थाने में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तीन टीमें उसकी तलाश में जुट गईं।

रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर के पास एक नाले के समीप किशोरी का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए बारामती मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। 

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रोहित पवार अस्पताल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या, हादसा और आत्महत्या—तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now