पंखे में उतरे करंट ने ली सिंचाई विभाग के मजदूर की जान

  • 1 day ago
  • 142 views


मथुरा के सिंचाई विभाग परिसर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। रात में सोते समय पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित सिंचाई विभाग (नहर विभाग) कार्यालय परिसर की है। मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले छविराम पिछले करीब 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ यहीं रहकर मजदूरी करते थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात छविराम अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ चल रहे पंखे से छू गया। पंखे में करंट उतरने के कारण उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा और वह मौके पर ही अचेत हो गए।

परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मृतक के बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि छविराम पिछले 15 साल से सिंचाई विभाग परिसर में मजदूरी कर रहे थे और रात में पंखे में करंट आने से उनकी जान चली गई।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now