मथुरा में फर्जी बैनामे से 70 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार, गोवर्धन पुलिस की कार्रवाई

  • 13h Ago 97 Views


मथुरा में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। थाना गोवर्धन पुलिस ने फर्जी बैनामा कर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में मुख्य आरोपी महेश चंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन का सौदा 75 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता पक्ष से 70 लाख रुपये प्राप्त किए गए थे।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 24 जून 2026 को थाना गोवर्धन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने ग्राम गांठौली की खसरा संख्या 381 की जमीन पहले ही अन्य लोगों को बेच दी थी। इसके बावजूद जमीन शेष होने की जानकारी देकर शिकायतकर्ता और उसके भाइयों को प्लॉट बेचने का झांसा दिया गया।

आरोप है कि 276.46 वर्गमीटर भूमि का फर्जी बैनामा तैयार कर 11 सितंबर 2025 को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, मथुरा में पंजीकरण कराया गया। इस मामले में शिकायतकर्ता पक्ष से 56.20 लाख रुपये नकद और 13.80 लाख रुपये चेक के माध्यम से लिए गए। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजकर 15 मिनट पर आरोपी महेश चंद्र, निवासी ग्राम गांठौली, थाना गोवर्धन, को मथुरा के धौली प्याऊ स्थित चुंगी वाली गली से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में आगे की जांच जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now