महामंडलेश्वर स्वामी देवस्वरूपानंद को 10 लाख की रंगदारी की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

  • संवाददाता: राहुल ठाकुर
  • 11h Ago 133 Views


मथुरा में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के महामंडलेश्वर स्वामी देवस्वरूपानंद सरस्वती महाराज को व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी देने और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉल करने वाले ने सिटी मजिस्ट्रेट का नाम लेकर रुपये मांगे और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। महामंडलेश्वर ने थाना जैंत में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला थाना जैंत क्षेत्र के गांव तेहरा स्थित श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी से जुड़ा है। महामंडलेश्वर स्वामी देवस्वरूपानंद सरस्वती महाराज के अनुसार, शनिवार को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।

महामंडलेश्वर का आरोप है कि फोन करने वाले ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। घटना के बाद स्वामी देवस्वरूपानंद ने थाना जैंत पहुंचकर लिखित तहरीर दी और सुरक्षा की गुहार लगाई।

पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान करने के लिए सर्विलांस और साइबर सेल की मदद ली जा रही है। फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी और मामले के अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस जांच जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now