मथुरा में युवा उत्सव 2027 की तैयारियां तेज, नशा मुक्त युवा थीम पर होंगी प्रतियोगिताएं

  • 1d Ago 111 Views


मथुरा, 09 अक्टूबर 2026। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के कल्चरल ट्रैक के अंतर्गत आयोजित होने वाले युवा उत्सव को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उत्सव को भव्यता से आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी विवेक चन्द्र श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक यशपाल सिंह, माय भारत के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रमन चतुर्वेदी तथा भारत स्काउट एवं गाइड से कन्हैया शर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले पात्र युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराते हुए उनकी प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रतिभागियों की आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर 15 से 29 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। साथ ही, प्रतियोगिताओं में कम से कम 30 प्रतिशत युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, विकास खंडों और मंगल दलों के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा इच्छुक प्रतिभागियों की सूची प्राप्त की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं को इस पहल से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाए और नशामुक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now